मौजूदा दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एनिमेशन का प्रयोग अक्सर हमें फिल्मों में देखने को मिलता है। इसी क्रम में पौराणिक कथा रामायण पर आधारित 3डी एनिमेशन फिल्म ‘महायोद्धा राम’ का ऐलान हुआ है। कॉन्टिलो पिक्चर्स और इल्युजन रीऐलिटी स्टूडियोज के बैनर तले बनी 3डी एनिमेशन फिल्म ‘महायोद्धा राम’ इस दीपावली 17 अक्टूबर को रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म देशभर के 3डी सिनेमाघरों में बड़े स्तर पर रिलीज़ की जाएगी।
3डी एनिमेशन फिल्म ‘महायोद्धा राम’ में बॉलीवुड के नामचीन और मंझे हुए कलाकारों ने फिल्म के एनिमेटेड कैरेक्टर्स को अपनी आवाज देकर जीवंत कर दिया है। अभिनेता कुणाल कपूर ने श्री राम के किरदार को, जिम्मी शेरगिल ने लक्ष्मण को और मौनी रॉय ने माता सीता के कैरेक्टर को अपनी आवाज़ से सजाया है। वहीं दमदार अभिनेता मुकेश ऋषि हनुमान जी को, अपनी विलेन रोल्स के लिए प्रसिद्ध अभिनेता गुलशन ग्रोवर रावण को और अपनी अद्भुत आवाज़ के लिए जाने जाने वाले वेटरन अभिनेता रजा मुराद महर्षि विश्वामित्र को अपनी अनोखी आवाज़ देंगे। इसके अलावा अन्य सभी महत्वपूर्ण कैरेक्टर्स को बॉलीवुड के एक से बढ़कर एक दिग्गज कलाकारों ने अपनी आवाज़ से सजाया है, जो दर्शकों के फिल्म देखने का मज़ा दोगुना कर देगा। कॉन्टिलो पिक्चर्स के संस्थापक और सीईओ और इस फिल्म के प्रोड्यूसर अभिमन्यु सिंह ने कहा-“रामायण भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर की धुरी है।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम इतिहास पुरुष हैं और हम सभी के आदर्श हैं। महायोद्धा राम के जरिए हमने कोशिश की है कि इस अमर गाथा को मॉडर्न टेक्नोलॉजी की मदद से दर्शकों के सामने एक ऐसी कहानी प्रस्तुत करें जिससे आज की युवा पीढ़ी के साथ-साथ हर आयु वर्ग के दर्शक जुड़ सकें। फिल्म ‘महायोद्धा राम’ रामायण पर आधारित प्रभु श्री राम की गाथा को एक अलग कलेवर में प्रस्तुत करती है, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से तो जोड़ेगी ही, साथ ही आधुनिक तकनीक की मदद से दर्शकों को श्री राम चंद्र जी के जीवन को और अधिक करीब से देखने का मौका भी देती है। कॉन्टिलो पिक्चर्स इससे पहले फिल्म ‘राज – 26/11 और ताज’ के साथ ही कई महत्वपूर्ण और पॉपुलर फिल्में और टीवी सीरियल्स बना चुके हैं। 3डी एनिमेटेड फिल्म ‘महायोद्धा राम’ रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म इस दीपावली 17 अक्टूबर को देश भर के 3डी सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी।
इस दीपावली आ रहे हैं महायोद्धा राम, कॉन्टिलो पिक्चर्स ने किया 3 डी एनीमेशन फिल्म का ऐलान
Highlights
- कॉन्टिलो पिक्चर्स की 3डी एनिमेशन फिल्म महायोद्धा राम इस दिवाली 17 अक्टूबर को रिलीज के लिए तैयार

