नई दिल्ली:अमेरिका ने पहले भी ईरान पर प्रतिबंध लगाया था लेकिन तब भारत ने ईरान से तेल खरीद को पूरी तरह से बंद नहीं किया था। लेकिन इस बार जिस तरह से हालात बन रहे हैं उससे भारत अमेरिकी प्रतिबंध लागू रहने तक या प्रतिबंध से छूट मिलने तक ईरान से तेल खरीद को पूरी तरह से बंद करने का संकेत दे रहा है। सरकारी तेल कंपनियां पहले ही ईरान से तेल खरीद का आर्डर देना बंद कर चुकी हैं। ईरान से जितना तेल खरीदा जा रहा था उसकी भरपाई दूसरे देशों से करने के लिए बातचीत जारी है। अमेरिका ने भारत को आश्वस्त किया है कि उसकी तेल जरुरतों को दूसरे माध्यमों से पूरा करने में वह भी मदद करेगा। अमेरिका खुद भी भारत को ज्यादा क्रूड की आपूर्ति करेगा।
भारत ने पिछले वित्त वर्ष (2018-19) में ईरान से 2.4 करोड़ टन क्रूड खरीदा था। नवंबर, 2018 में अमेरिका ने ईरान पर प्रतिबंध लगा दिया था लेकिन भारत समेत आठ देशों को छह महीने के लिए तेल खरीद को जारी रखने की छूट दी थी। यह छूट 02 मई, 2019 से बंद हो गई है। इस महीने के अंत तक देश में जब नई सरकार बन जाएगी तभी इस बारे में अमेरिका से नए सिरे से बात हो सकेगी कि पहले दी गई छूट को आगे भी बनाया रखा जाए।
लेकिन जानकारों का मानना है कि इस बार अमेरिकी प्रशासन का रवैया ज्यादा सख्त लग रहा है। ऐसे में इस बात की गुंजाइश कम ही है कि ईरान व भारत के बीच पहले जैसा क्रूड कारोबार हो सके। अमेरिकी प्रतिबंध की वजह से किसी भी देश के लिए यह संभव नहीं है कि वह ईरान से तेल खरीद सके। भारत ने इस बारे में यूरोपीय देशों के साथ वार्ता शुरु की थी कि भुगतान की कोई वैकल्पिक व्यवस्था हो लेकिन उसका कोई खास नतीजा नहीं निकल सका है।
अभी तक भारत के लिए अच्छी बात यह है कि अमेरिकी प्रतिबंध लागू होने के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतों में तेजी का रुख नहीं बना है। उम्मीद के विपरीत क्रूड की कीमतों में कुछ गिरावट ही दर्ज की गई है। ऐसे में भारत जैसे बड़े खरीददार देश के लिए दूसरे देशों के साथ तेल खरीद का समझौता करना आसान हो गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के जानकार बताते हैं कि भारत की योजना है कि वह ईरान से जितनी तेल खरीदता था उसका बंटवारा दूसरे कई देशों में करे ताकि ‘क्रूड बास्केट’ का विस्तार हो। सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मैक्सिको से भी अतिरिक्त क्रूड लेने को लेकर बात हो रही है। भारत चीन व जापान के साथ भी संपर्क में है ताकि आपस में क्रूड की स्वैपिंग हो सके।

