नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने आईएनएक्स मीडिया घोटाले में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की अग्रिम जमानत अर्जी मंगलवार को खारिज कर दी। चिदंबरम के वकील ने इस आदेश पर तीन दिन का स्टे देने की मांग भी की लेकिन अदालत ने इनकार कर दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि तथ्यों से पता चलता है कि चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया घोटाले में चिदंबरम प्रमुख साजिशकर्ता थे।
हाईकोर्ट का प्रथम दृष्टया मानना है कि प्रभावी जांच के लिए चिदंबरम को हिरासत में लेकर पूछताछ जरूरी है। अदालत ने इस मामले को मनी लॉन्ड्रिंग का क्लासिक केस बताया। जस्टिस सुनील गौर ने कहा कि ऐसे मामलों में जमानत देने से समाज में गलत संदेश जाएगा।
फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे चिदंबरम
चिदंबरम हाईकोर्ट के फैसले को बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे। आईएनएक्स मीडिया मामले में चिदंबरम पर भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। आईएनएक्स मीडिया को 305 करोड़ रुपए की विदेशी फंडिंग लेने के लिए फॉरेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड की मंजूरी में अनियमितताओं के आरोप हैं। सीबीआई ने 2017 में एफआईआर दर्ज की थी।

