नई दिल्ली:वर्ल्डकप 2019 में टीम इंडिया का अब तक शानदार प्रदर्शन रहा है. वह पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है. भारत ने 6 मैच खेले और 3 मैचों में जीत हासिल की. टीम का अगला मैच इंग्लैंड के खिलाफ है, जो कि 30 जून को खेला जायेगा. इस मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी नई जर्सी को सोशल मीडिया पर शेयर किया. टीम इंडिया की नई जर्सी ऑरेंज और ब्लू कलर की है, जिसकी फैन्स ने तारीफ की.
दरअसल इंटरनेशनल क्रिकेट के नियम के मुताबिक जब मैच खेल रही दोनों टीमों की जर्सी का कलर मिलता-जुलता हो तब किसी एक टीम को जर्सी का रंग बदलना पड़ता है. इस सिलसिले में भारत और इंग्लैंड की जर्सी का रंग करीब-करीब एक जैसा है. इस वजह से टीम इंडिया ने ऑरेंज जर्सी को चुना. बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल पर इसकी फोटो शेयर की.
टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने नई जर्सी पहनकर फोटोशूट भी कराया. इसे भारतीय क्रिकेट टीम के ऑफीशियल इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया गया है.
बता दें कि भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलने के बाद 2 जुलाई को बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेलना है. वहीं टीम इंडिया अपना आखिरी लीग मैच 6 जुलाई को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी. लीग मैचों के बाद 9 जुलाई को पहला सेमीफाइनल और 11 जुलाई को दूसरा सेमीफाइनल खेला जायेगा.

