मुंबई: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक ओर नेपोटिज्म को लेकर जंग छिड़ी है तो दूसरी ओर एक्टर्स और कास्टिंग एजेंट्स के बीच फेक कास्टिंग को लेकर मुद्दा उठा है। हाल ही में 12 जून को डायरेक्टर शशांक खेतान ने एक पोस्ट शेयर कर जानकारी दी थी कि उनकी अगली फिल्म मिस्टर लेले के लिए कई फेक कास्टिंग कॉल्स किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि वे लोग खुद को धर्मा प्रोडक्शन से जुड़ा बता रहे हैं। साथ ही फिल्म की कास्टिंग के नाम पर एक्टर्स को परेशान कर रहे हैं।
अब एक्टर अक्षय कुमार और सलमान खान ने भी लोगों को जागरूक करते हुए इसपर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने बोला है फिल्म में काम करने के नाम पर कई लोग फेक कास्टिंग कर रहे हैं। सभी को इससे सावधान रहने की जरूरत है। खासकर इस समय जब लोगों के पास काम नहीं है और इंडस्ट्री ठप पड़ी है।
अक्षय कुमार ने पोस्ट में बताया है कि ‘फिलहाल’ गाने के सीक्वल में अभी कोई भी कास्टिंग नहीं हो रही है और न ही किसी को फाइनल किया जा रहा है। कोरोना के समय फेक न्यूज तो बहुत सुनी अब फेक कास्टिंग भी हो रही है।
इसके बाद डायरेक्टर-एक्टर अभिषेक बनर्जी ने पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि फेक कास्टिंग की दिक्कत इसलिए हो रही है क्योंकि लोगों के पास काम नहीं है और वह काम पाने के लिए कुछ ज्यादा ही उत्सुक हो रहे हैं। कई लोगों को पता ही नहीं है कि असल में कास्टिंग कर कौन रहा है। कुछ ही लोग इस बारे में जानकारी रखते हैं। तो इसलिए, ध्यान रखिए, अगर कोई व्यक्ति आपसे पैसे मांगता है, तो यह गलत है। ऐसे लोगों से बचें और सावधान रहें।

