मुंबई:इंडियन आइडल 11 से म्यूजिक कंपोजर अनु मलिक बाहर हो गए हैं। मीटू के तहत पिछले साल अनु मलिक पर सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोप लगे थे। उस समय भी अनु मलिक को इंडियन आइडल से बाहर होना पड़ा था।
सोनी टीवी के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि अनु मलिक इंडियन आइडल से बाहर हो रहे हैं। वहीं, पिंकविला ने बताया है कि अभी तक चैनल ने यह तय नहीं किया है कि अनु मलिक की जगह कौन नया जज होगा।
वहीं, इससे पहले महिला आयोग ने सोनी टीवी को नोटिस भेजा था। आयोग ने ट्वीट कर बताया था कि इस मामले में सोनी एंटरटेनमेंट को महिला आयोग की तरफ से नोटिस भेजा गया है।
नोटिस में लिखा गया था कि सोना महापात्रा के ट्विटर से पता चला है कि सोनी टीवी ने कई महिलाओं के आरोपों को नजरअंदाज करते हुए जज बना दिया है।
बता दें कि 2018 में सिंगर श्वेता पंडित और सोना महापात्रा के अलावा 2 और महिलाओं ने अनु मलिक पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इसी के चलते अनु मलिक को ‘इंडियन आइडल’ सीजन 10 बीच में ही छोड़ना पड़ा था, लेकिन इस सीजन उन्होंने शो में वापसी की जिसके बाद से सोना ने अनु मलिक को लेकर कई बातें सोशल मीडिया पर लिखी थी।
इंडियन आइडल से एक बार फिर अनु मलिक बाहर

