मुम्बई। फ़ेम फ़ैक्टरी के बैनर तले बनी फ़िल्म ‘बागपत का दूल्हा’ का ट्रेलर मुम्बई में लॉन्च किया गया। यह एक ऐसी कॉमेडी फ़िल्म है, जिसमें दर्शकों को रोमांस और ड्रामा दोनों का लुत्फ़ उठाने का मिलेगा। इस फ़िल्म में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बोली और स्थानीय कला को भी काफ़ी अहमियत दी गयी है।
इस अवसर पर फ़िल्म के मुख्य सितारों – जय सिंह, रूचि सिंह, अमिता नागिया, ललित परिमू व पुनीत वशिष्ठ, निर्माता कृष्ण कुमार भूत व रक्षा बारिया, निर्देशक करण कश्यप आदि ने शिरकत की।
फ़िल्म का लेखन और निर्देशन किया है करण कश्यप ने जबकि सुहास सिंह और कनुप्रिया फ़िल्म के सह-लेखक हैं। कृष्ण कुमार भूत और रक्षा बारिया ने फ़िल्म का निर्माण किया है। विष्णु विक्रम, विकास दवे और करण कश्यप ने मिलकर इस फ़िल्म के गीत लिखे हैं जबकि फ़िल्म का संगीत दिया है चांद सक्सेना ने। देवांग परदेसी और भारत चव्हाण फ़िल्म के कोरियोग्राफ़र हैं और साजिद शेख ने फ़िल्म का छायांकन किया है। फ़िल्म के लाजवाब एक्शन का श्रेय जाता है हीरा मास्टर को और फ़िल्म का पार्श्व संगीत दिया है चंदन सक्सेना ने।
‘बागपत का दूल्हा’ में मुख्य भूमिकाएं जय सिंह, रूचि सिंह, लोकेश मलिक, जिया चौहान, रज़ा मुराद, ललित परिमू, रवि झंकाल, अमिता नांगिया, पुनीत वशिष्ठ और शीतल डिमरी ने निभायी हैं।
इस अवसर पर रक्षा बरैया ने कहा कि ” ‘बागपत का दूल्हा ‘ एक कॉमेडी और मनोरंजक फ़िल्म है, जिसके ज़रिए अभिनेता जय सिंह ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा है। फ़िल्म मनोरंजन से भरपूर है, जो दर्शकों को गुदगुदाने में ज़रूर कामयाब साबित होगी।”
करण कश्यप ने इस विशेष मौके पर कहा, “मुझे एक कॉमेडी स्क्रिप्ट की तलाश थी और ‘बागपत का दूल्हा’ में मुझे इसकी भरपूर संभावना नजर आयी। फ़िल्म में साधारण हिंदी के अलावा बागपत और हरियाणा की स्थानीय बोली का भी इस्तेमाल किया गया है। जबकि बागपत की स्थानीय बोली ही फ़िल्म का मुख्य आकर्षण है।”
फ़िल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फ़िल्म के निर्माता कृष्ण कुमार भूत ने कहा, “मैं फ़िल्म संगोष्ठियों, फ़िल्म महोत्सवों और फ़िल्ममेकिंग में हमेशा से ही हिस्सा लेता रहा हूं। जब करण मेरे पास इस फ़िल्म का प्रस्ताव लेकर आये, तो मुझे फ़िल्म की कहानी बहुत पसंद आयी। फ़िल्म में कॉमेडी का टच है और दूल्हे के रूप में जय सिंह का चयन एकदम सही है। यही वजह है कि मैंने इस फिल्म का निर्माण करने का फ़ैसला किया।
बागपत की कहानी दिलचस्प है। फ़िल्म में शिव शुक्ला और अंजलि कि शादी तय हो जाती है, मगर कोई भी नहीं चाहता है कि किसी भी कीमत पर दोनों की शादी हो। मज़े की बात है कि ख़ुद शिवा और अंजलि भी शादी नहीं करना चाहते हैं। इस रोमांटिक फ़िल्म में कई तरह के असमंजस के हालात दिखायी देंगे। क्या ख़ुद की मर्ज़ी के खिलाफ़ दोनों की शादी हो जायेगी? इस फ़िल्म की कॉमेडी और ऊहापोह के बीच यह जानना दिलचस्प होगा कि क्या शिवा और अंजलि की शादी होती है या नहीं? इस फ़िल्म की शूटिंग मेरठ और मुम्बई में हुई है ‘बागपत का दूल्हा’ 15 नवंबर, 2019 को देशभर में रिलीज़ होगी।”
फ़िल्म ‘बागपत का दूल्हा’ का ट्रेलर हुआ लॉन्च, रिलीज नवंबर में

