निंदा का जवाब अच्छे कार्यों से दे : आचार्य महाश्रमण
29-02-2020, शनिवार, इचलकरंजी, महाराष्ट्र। मैनचेस्टर सिटी के नाम से पहचान रखने वाली वस्त्र नगरी इचलकरंजी में इच्छाओं को पूर्ण करने वाले तीर्थंकर प्रतिनिधि परम पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण का भव्य पदार्पण हुआ। अपने आराध्य के आगमन के लिए लालायित श्रद्धालुओं का भक्ति पूर्ण उत्साह देखते ही बन रहा था। विशाल रैली के साथ सकल जैन समाज के साथ-साथ अन्य समाज के लोग भी अहिंसा यात्रा के स्वागत में नारे लगा रहे थे। स्थान-स्थान पर विभिन्न वेशभूषा में नन्हे-नन्हे बच्चे सुंदर झांकियां बना रहे थे। संजय घोड़ावत फार्म हाउस से प्रस्थित पूज्य गुरुदेव लगभग 12 किलोमीटर विहार कर इचलकरंजी के तेरापंथ भवन में तीन दिवसीय प्रवास हेतु पधारे।
मुख्य प्रवचन कार्यक्रम में अमृतदेशना देते हुए शांतिदूत आचार्य श्री महाश्रमण जी ने कहा-व्यवहारिक जीवन के लिए एक अच्छी बात है कि–अग्रहण करो। व्यक्ति को हर किसी की बात को ग्रहण कर दिमाग में नहीं जमाना चाहिए। यह दिमाग को कोई डस्टबिन नहीं है। अच्छी बात सुनकर ले लेनी चाहिए बाकी छोड़ देना चाहिए। हम दिमाग को प्रभु का मंदिर बनाकर रखें, शुभ भावों का स्थान बनाकर रखें। जो शुद्ध विचारों से, अच्छे ज्ञान से संपृक्त हो, दया करुणा के भाव हो, वह दिमाग मंदिर बन जाता है। दिमाग को मंदिर तो कूड़ा घर भी बनाया जा सकता है। मानव बढ़िया बने घटिया न बने। समय बढ़िया, उपयोगी कार्यों में बीतना चाहिए। बुरे कार्य करने वाला घटिया आदमी होता है, अधम हो जाता है।
आचार्य श्री ने आगे फरमाया कि अच्छे विचारों से आदमी अच्छा बने। कोई गाली दे तो भी व्यक्ति उसका बुरा ना करें। प्रतिशोध की भावना न लाएं। अपने निंदा का जवाब जबान से नहीं अच्छे कार्यों से दे। काम बढ़िया होता है तो निंदा करने वाला भी प्रशंसा करने लग जाता है। इस दुनिया में भांत-भांत के लोग हैं सबके प्रति व्यक्ति सद्भावना रख, मैत्री का भाव रखें।
तत्पश्चात पूज्यवर के आह्वान से इचलकरंजी वासियों ने अहिंसा यात्रा के तीनों संकल्प स्वीकार किए। स्वागत के क्रम में मुनिश्री रजनीश, मुनिश्री हिम, साध्वी प्रफुल्लप्रभा साध्वी रिद्धिप्रभा जी, समणी सुमनप्रज्ञा ने अपने श्रद्धा भाव व्यक्त किए। इचलकरंजी तेरापंथ सभा अध्यक्ष दीपचंद तलेसरा, वर्धमान स्थानकवासी अध्यक्ष श्रीकांत समदड़िया, जैन दादावाड़ी के लालवाणी, विश्व हिंदू परिषद के किशोर मोदी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका अशोक स्वामी आदि ने शांतिदूत का अभिनंदन किया। तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मण्डल, तेरापंथ कन्या मंडल के सदस्यों ने पृथक-पृथक समूह गीत का संगान किया। ज्ञानशाला के ज्ञान ज्ञानार्थियों ने सुंदर प्रस्तुति दी।

