श्रीनगर:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान कहा था कि सरकार यह कोशिश कर रही है कि ईद के दौरान जम्मू-कश्मीर को लोगों को कोई परेशानी नहीं हो। उधर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा था कि स्थानीय लोगों को किसी तरह की दिक्कत ना हो। पीएम और डोभाल के निर्देश के बाद अब स्थानीय प्रशासन ने कश्मीर घाटी में लोगों को स्थानीय मस्जिदों में शुक्रवार की नमाज अदा करने की अनुमति देने के लिए प्रतिबंधों में ढील देने का निर्णय किया है।
इस बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा, ‘हम शुक्रवार की नमाज अदा करने के लिए स्थानीय लोगों को राहत देंगे। इसके लिए प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी। पर, इस दौरान ऐतिहासिक जामा मस्जिद में किसी भी तरह की मंडली (एक साथ जुटाव) की अनुमति नहीं होगी।’ अधिकारियों ने साफ कहा है कि लोगों को अपने आसपास के मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए शुक्रवार को छूट दी जाएगी।
पीएम ने कहा था, हालात सामान्य हो जाएंगे
बता दें कि गुरुवार को पीएम ने कहा था, ‘मैं जम्मू-कश्मीर के साथियों को भरोसा देता हूं कि धीरे-धीरे हालात सामान्य हो जाएंगे और उनकी परेशानी भी कम होती चली जाएगी।’ इस बीच गुरुवार को घाटी में हालात सामान्य होते दिखे। लोग अपने रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से निकले और बाजार तक गए।
स्कूल और कॉलेज भी खुले
उधर, जम्मू और कश्मीर के सांबा जिले में अधिकारियों के निर्देश के बाद गुरुवार को स्कूल और कॉलेज भी खुले। वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव ने सरकारी कर्मचारियों को भी तत्काल प्रभाव से काम पर वापस लौटने का निर्देश दिया है।
4 अगस्त को किया था इंटरनेट, स्कूल बंद
बता दें कि अनुच्छेद 370 से संबंधित प्रस्ताव 5 अगस्त को राज्यसभा में पेश किए जाने से पहले ही पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी सुरक्षाबल की तैनाती कर दी गई थी। 4 अगस्त से राज्य में इंटरनेट और स्कूल-कॉलेजों को बंद करने का आदेश दे दिया गया था।
घाटी में हालात बेहतर, स्कूल खुले, मस्जिदों में नमाज की भी अनुमति

