फैमिली ड्रामा का तड़का एक बार फिर तैयार है! TVF अपने पहले वीकली डेली शो ‘वेरी पारिवारिक’ के दूसरे सीज़न के साथ वापसी कर रहा है। पहले सीज़न को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था, और अब मेकर्स ने टीज़र रिलीज़ कर दिया है, जो एक बार फिर हँसी, हलचल और इमोशन्स से भरी इस पारिवारिक जर्नी की झलक दिखाता है।
टीज़र में वही सब कुछ है जो दर्शकों ने पहले सीज़न में खूब पसंद किया था — मस्ती, ड्रामा और वो छोटे-छोटे पल जो एक आम भारतीय परिवार की रोज़मर्रा की ज़िंदगी को बखूबी बयां करते हैं। अगर आप इस सफर में नए हैं, तो बता दें कि ‘वेरी पारिवारिक’ का पहला सीज़न 2024 में आया था और इसमें एक ऐसे कपल की कहानी दिखाई गई थी, जिसमें पति IT में काम करता है और पत्नी फिल्म इंडस्ट्री से ताल्लुक रखती है। कहानी में असली धमाल तब शुरू होता है जब दोनों के पैरेंट्स उनके साथ रहने आ जाते हैं। फिर जो होता है, वो है जेनरेशन गैप की टकराहट, घर के अंदर बाहर की उठापटक और बहुत सारा हास्य, जो हर एपिसोड को दिलचस्प बना देता है।
अब जब सीज़न 2 आने ही वाला है, तो टीज़र देखकर लग रहा है कि इस बार कहानी में और भी ज्यादा मस्ती, इमोशन और रिलेट करने वाली होगी। मेकर्स यही वादा कर रहे हैं कि इस बार शो में नई उलझनें, और भी तेज़ तर्रार लिखाई और फैमिली ड्रामे का तगड़ा तड़का देखने को मिलेगा। ऐसे में अब सबकी नज़रें 6 मई को आने वाले ट्रेलर पर टिकी हैं।
TVF ने हमेशा अपनी कहानियों में सच्चाई और एंटरटेनमेंट का ज़बरदस्त मेल दिखाया है। ‘पंचायत’ से लेकर ‘गुल्लक’ तक, उनके शोज़ हर उम्र के दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुके हैं। यही वजह है कि वो आज भी डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया को नया रंग दे रहे हैं।
सच कहें तो 2024 TVF के लिए एक यादगार साल रहा। ‘सपने vs एवरीवन’, ‘वेरी पारिवारिक’, ‘पंचायत सीज़न 3’, ‘कोटा फैक्ट्री सीज़न 3’, ‘गुल्लक सीज़न 4’ और ‘अरेंज्ड कपल’ जैसे शानदार शोज़ ने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया। अब जब ‘वेरी पारिवारिक सीज़न 2’ भी इस लाइनअप में शामिल हो गया है, तो उम्मीदें और भी ऊंची हो गई हैं। और अगर टीज़र पर यकीन करें, तो फैंस के लिए ये एक और मज़ेदार सफर साबित होने वाला है।
https://youtu.be/SfUdSjVKe7w?si=mwB0ZaoINgPH_u-f

