नई दिल्ली: इंडियन एयरलाइंस एयर इंडिया का सर्वर डाउन होने की वजह से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स प्रभावित हुई और इसकी वजह से भारत और दुनियाभर में हजारों यात्री हवाई अड्डों में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, अब सर्वर ठीक हो गया है और यात्रियों का चेक इन भी शुरू हो गया है।
एयर इंडिया के सीएमडी अश्वनी लोहानी ने कहा कि एयर इंडिया की यात्री सेवा प्रणाली, जिसे SITA द्वारा चलाया जाता है रखरखाव के लिए आज 3:30 से 4:30 तक रखा गया था। लेकिन यह सुबह 8:45 बजे तक डाउन रही, जो अब ठीक किया गया है। उन्होंने कहा है कि व्यवस्था को बहाल कर दिया गया है और दिन के दौरान हम फ्लाइट्स की देरी को देखेंगे।
इससे पहले एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा था कि एसआईटीए सर्वर डाउन है। इसके कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुईं हैं। हमारी तकनीकी टीम काम पर लगी हैं और जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी। एसआईटीए एयर इंडिया के सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का प्रबंधन करती है। एसआईटीए सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र की एक बड़ी कंपनी है जो एयरलाइन को आगमन, बोर्डिंग और सामान को ट्रैक करने की प्रौद्योगिकी मुहैया कराती है।
एयर इंडिया के एक अधिकारी के अनुसार, शनिवार को तड़के तीन बजे से सर्वर डाउन है जिसके कारण एयरलाइन दुनियाभर के हवाईअड्डों पर यात्रियों को बोर्डिंग पास जारी नहीं कर पा रही है। कई यात्रियों ने हवाईअड्डों पर फंसे होने के बारे में सोशल मीडिया पर शिकायत की है।
इसे पहले पिछले साल 23 जून को ऐसी ही घटना हुई थी जब एयरलाइन के चेक-इन सॉफ्टवेयर में तकनीकी खामी के कारण देश भर में उसके 25 विमानों ने नियत समय से देरी से उड़ान भरी थी।
एयर इंडिया का सर्वर हुआ ठीक, दुनिया भर में हजारों यात्री एयरपोर्ट पर घंटों हुए परेशान

