अहमदाबाद: कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक (एडीसी बैंक) मानहानि मामले में शुक्रवार को जमानत मिल गई है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी के बाद अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक में पांच दिनों में 745.58 करोड़ रुपए के पुराने नोट बदले गए थे। इस बैंक के निदेशकों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हैं।
7 सितंबर को मामले की अगली सुनवाई
इस पर पिछली साल अगस्त में एडीसी बैंक के चेयरमैन अजय पटेल ने अदालत में मानहानि का मामला दर्ज कराया था। राहुल के अलावा कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को भी आरोपी बनाया गया।
राहुल गांधी शुक्रवार को मेट्रो कोर्ट परिसर में अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट निराली बी मुंशी की अदालत में पेश हुए। उन्होंने अदालत में खुद को दोषी मानने से इंकार किया और इसके बाद उन्होंने जमानत अर्जी दी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। इस मामले में अगली सुनवाई 7 सितंबर को होगी।
राहुल गांधी पर मानहानि के कई मामले चल रहे हैं। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, ”ये प्रयास मुझे दबाने, धमकाने के लिए हैं। लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं अपनी लड़ाई जारी रखूंगा।”
राहुल ने कहा, ”यह लड़ाई संविधान, देश के भविष्य के लिए, भ्रष्टाचार के खिलाफ, क्रूरता के खिलाफ है। इसे मैं जारी रखूंगा।” पेश होने से पहले राहुल ने ट्वीट किया, ‘भाजपा और संघ का आभार, उन्होंने कोर्ट में घसीटकर विचारधारा की लड़ाई लड़ने का मौका दिया। सत्यमेव जयते।”
इस मामले के अलावा हाल ही में मानहानि के दो अन्य केसों में अहमदाबाद और सूरत कोर्ट ने राहुल गांधी को समन जारी किया था। इनमें से एक मामला राहुल द्वारा लोकसभा चुनाव के दौरान अमित शाह को हत्या का आरोपी बताने और दूसरा मामला सभी चोरों के नाम के आगे मोदी क्यों होता है, वाले बयान पर है।

