नई दिल्ली:अमेरिका का एक युद्धपोत महीने में दूसरी बार आज ताइवान के संकरे जलमार्ग से रूटीन गस्त पर निकला। अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे कुछ ही घंटे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने आरोप लगाया कि एक तरफ दुनिया कोरोना वायरस से लड़ने में व्यस्त है तो चीन दक्षिण चीन सागर में क्षेत्रीय विस्तार के मंसूबों को अंजाम देने में जुटा है।
पॉम्पियो का बयान बताता है कि कोरोना वायरस से दुनिया में उपजी परिस्थितियों का फायदा उठाकर बीजिंग दक्षिण चीन सागर में विस्तार योजनाओं को बढ़ाने में जुटा है, जहां उसका वियतनाम, फिलिपींस, ताइवान, मलेशिया और ब्रूनेई के साथ विवाद है।
दक्षिणपूर्व एशिया के 10 देशों के मंत्रियों के समूह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना वायरस महामारी को लेकर बातचीत में पॉम्पियो ने चीन की ओर से दक्षिण चीन सागर में विवादित द्वीपों और समुद्री क्षेत्रों में प्रशासनिक जिलों की घोषणा और महीने की शुरुआत में एक वियतनामी मछली पकड़ने वाले जहाज के डूबने की ओर इशारा किया।
दूसरों को डराने के लिए सैन्य तैनाती बढ़ा रहा है चीन: अमेरिका
पॉम्पियो ने आरोप लगाया कि चीन दूसरों को अपतटीय गैस और ऑइल प्रॉजेक्ट्स लगाने से भयभीत करने के लिए सैन्य जहाजों की तैनाती कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘बीजिंग कोविड 19 की वजह से ध्यान हटने का फायदा उठा रहा है।’ चीन लगभग पूरे दक्षिण चीन सागर और आइलैंड्स पर अपना दावा करता है। इस महीने की शुरुआत में चीन ने क्षेत्र पर संप्रभुता के अपने दावे को मजबूत करने के लिए पेरासेल द्वीप समूह और स्प्रैटली द्वीपों को प्रशासित करने के लिए दो जिलों की स्थापानी की घोषणा की।
दक्षिण चीन सागर में भारत का बड़ा हित
भारत ने दक्षिण चीन सागर में ताजा हालात और पॉम्पियो के बयान को लेकर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। भारत का 55 फीसदी ट्रेड मलाक्का जलमार्ग से गुजरता है, जोकि दक्षिण चीन सागर का हिस्सा है। भारत ने कई बार सभी पक्षों से बातचीत के जरिए विवादों का हल तलाशने की अपील की है और किसी भी द्वीपक्षीय कार्रवाई से बचने को कहा है। इसके अलावा सरकारी कंपनी ओएनजीसी विदेश भी वियतनाम के साथ सहयोग से यहां ऑइल और गैस उत्पादन कर रही है और चीन के कदमों से इस पर सीधा असर पड़ेगा।

