नई दिल्ली:दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद से पड़ोसी राज्यों में पराली जलने की वजह से वायु गुणवत्ता लगातार खराब चल रही है। राष्ट्रीय राजधानी में आज की बात करें तो लोधी रोड इलाके में सुबह के समय पीएम2.5 261 रहा तो पीएम10 249 है। यह दोनों ही खराब श्रेणी में माना जाता है।
इससे पहले गुरुवार को हवा की गति कम होने और आर्द्रता का स्तर अधिक होने के कारण दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई थी। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे एक्यूआई 361 था। रोहिणी में गुरुवार को एक्यूआई 410, आनंद विहार में 413, नेहरू नगर में 403 और बवाना में 404 था। यहां प्रदूषण गंभीर श्रेणी में रहा।
निजी मौसम विज्ञान संस्था स्काईमेट वेदर ने कहा कि 23 नवंबर से हल्की हवा चल सकती है जिससे कुछ राहत मिलेगी लेकिन यह भी अस्थायी होगी क्योंकि 25 नवंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है जिससे हवा की गति फिर मंदी पड़ सकती है।
उन्होंने कहा, ’25 और 26 नवंबर को अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। ऐसा होता है तो प्रदूषक तत्व हट जाएंगे।’ सरकारी वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था सफर ने बताया कि शनिवार को हवा की गति बढ़ने की उम्मीद है जिससे प्रदूषक तत्व छितरा जाएंगे और प्रदूषण से राहत मिल सकती है।
पराली जलाने पर 123 किसानों के खिलाफ मामले दर्ज
हरियाणा में आदेशों का उल्लंघन कर पराली जलाने के सिलसिले में 123 किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 18 किसानों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें पुलिस ने बाद में जमानत पर छोड़ दिया। अब तक कुल 429 किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।

