मुंबई: चलती लोकल ट्रेन में चढ़ना हर साल अनेक यात्रियों के लिए जानलेवा साबित होता है। हर स्टेशन पर लोग अक्सर ऐसे यात्रियों को यह कहकर सचेत भी करते हैं, ‘चलती लोकल में मत चढ़ भाई।’ स्पीड पकड़ चुकी लोकल में चढ़ने को लेकर खतरे की घंटी रेलवे को अब सुनाई दी है। इस खतरे को टालने के लिए मध्य रेलवे ने लोकल ट्रेन के गेट के ऊपर एक ब्लू लाइट लगाई है। लोकल चलने से ठीक पहले यह लाइट इस तरह जलेगी कि यात्रियों को तो दिखाई देगी ही, प्लैटफॉर्म पर भी लेजर लाइट की तरह दिखेगी। यह रेलवे का अलर्ट होगा कि अब ट्रेन में नहीं चढ़ना है।
पायलट प्रॉजेक्ट
अभी यह रेलवे का पायलट प्रॉजेक्ट है। परीक्षण में सफल होने के बाद रेलवे इसे पूरी तरह से लागू करेगी। फिलहाल मध्य रेलवे ने एक रेक के एक ही कोच में ब्लू अलर्ट दिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील उदासी ने बताया, ‘यदि इस कदम से एक भी शख्स की जान बचती है, तो योजना को सफल माना जाएगा। भविष्य में और ट्रेनों में ब्लू लाइट लगाई जाएगी।’ जानकारों की राय में जानलेवा खतरे को टालने का यह तरीका अच्छा है।
चलती लोकल में चढ़ने से रोकेगी ब्लू लाइट

