नई दिल्ली:भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम को चक्रवात फेनी से मामूली नुकसान पहुंचा है, लेकिन हॉकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि इससे शहर में अगले महीने होने वाले हॉकी सीरीज फाइनल्स की मेजबानी पर असर नहीं पड़ेगा। 6 से 15 जून तक होने वाले इस टूर्नामेंट को ओडिशा की राजधानी से लखनऊ या रायपुर स्थानांतरित करने की अटकलों को खारिज करते हुए हॉकी इंडिया के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि ऐसा कोई फैसला नहीं किया गया है और राष्ट्रीय संस्था भुवनेश्वर में प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए प्रतिबद्ध है।
हॉकी इंडिया के एक शीर्ष अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ”मुझे नहीं पता कि ये खबरें कहां से आती हैं लेकिन आयोजन स्थल को स्थानांतरित करने को लेकर ओडिशा सरकार के साथ हमारी कोई चर्चा नहीं हुई।”
उन्होंने कहा, ”हम ओडिशा सरकार के अधिकारियों के संपर्क में हैं और हमें बताया गया है कि हॉकी स्टेडियम को मामूली नुकसान हुआ है। हॉकी इंडिया के अधिकारी टर्फ के हालात का आकलन करने इस हफ्ते भुवनेश्वर जाएंगे और आधिकारिक टीम होटल में स्थिति का जायजा लेंगे।”
अधिकारी ने कहा, ”इस जरूरत के समय हम हॉकी इंडिया में ओडिशा सरकार को हर तरह की मदद मुहैया कराने को तैयार हैं। हमारी संवेदना चक्रवात से पीड़ित लोगों और परिवारों के साथ है।”
छह महीने पहले भुवनेश्वर ने एफआईएच विश्व कप की मेजबानी की थी, लेकिन पिछले हफ्ते चक्रवात फेनी ने शहर में काफी नुकसान पहुंचाया। कलिंगा स्टेडियम को भी इस प्राकृतिक आपदा से नुकसान पहुंचा है।
ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा मामलों के विभाग के अनुसार स्टेडियम को मामूली नुकसान पहुंचा है और उन्हें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट की मेजबानी की उम्मीद है। आठ देश पुरुष हॉकी सीरीज फाइनल्स में हिस्सा लेंगे जिसमें जापान, मैक्सिको, पोलैंड, रूस, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका, उज्बेकिस्तान और मेजबान भारत शामिल हैं। यह 2020 टोक्यो ओलंपिक की क्वालीफाइंग प्रतियोगिता है।
चक्रवात फेनी से कलिंगा स्टेडियम को मामूली नुकसान, भुवनेश्वर में ही होगा हॉकी टूर्नामेंट

