अबु धाबी:भारत के सबसे सफल फुटबॉलर सुनील छेत्री ने रविवार को एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली। भारतीय फुटबॉल में ‘गोल मशीन’ के नाम से मशहूर छेत्री ने थाइलैंड के खिलाफ एएफसी एशियन कप के ग्रुप चरण के मुकाबले में 2 गोल किए। इसके साथ ही उनकी इंटरनैशनल लेवल पर गोल की संख्या 67 हो गई और उन्होंने दिग्गज लियोनल मेसी को पीछे छोड़ दिया।
अबु धाबी में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने थाइलैंड को 4-1 से मात दी। छेत्री ने थाइलैंड के खिलाफ इस मैच में जैसे ही 27वें मिनट में पेनल्टी पर गोल किया, उन्होंने मेसी को पछाड़ दिया और इंटरनैशनल गोल की संख्या के मामले में वह दूसरे ऐक्टिव फुटबॉलर बन गए। 34 साल के छेत्री अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनल मेसी को पछाड़ने में सफल रहे जिनके 128 मैचों में 65 अंतरराष्ट्रीय गोल हैं। पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो 154 मैचों में 85 गोल से सर्वाधिक गोल करने वाले ऐक्टिव फुटबॉलर हैं।
बता दें कि भारत की एशियन कप के 8 मैचों में यह पहली जीत है। इससे पहले टूर्नमेंट के 7 मुकाबलों में उसने 1 ड्रॉ खेला था, जबकि 6 मैचों में उसे हार मिली थी। भारत 8 साल के लंबे अंतराल के बाद एएफसी एशियन कप में हिस्सा ले रहा है। भारतीय टीम ने आखिरी बार 2011 में इस प्रतियोगिता लिया था, जहां उसे ग्रुप स्तर के तीनों मैचों में हार झेलनी पड़ी थी। भारत 2015 के पिछले संस्करण में इस टूर्नमेंट के लिए क्वॉलिफाइ नहीं कर पाया था।
छेत्री बने दूसरे सबसे सफल इंटरनैशनल ऐक्टिव फुटबॉलर

