नई दिल्ली: भारत 2021 की पहली छमाही में चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग कर सकता है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने संसद में यह जानकारी दी। सरकार ने चंद्रयान-3 प्रोजेक्ट को इस साल जनवरी में मंजूरी दी थी। इससे पहले, चंद्रयान-2 मिशन के तहत 7 सितंबर 2019 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने की कोशिश कर रहा विक्रम लैंडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद से ही भारत अपने चंद्रयान-3 मिशन की तैयारी कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने संसद के शीतकालीन सत्र में भी दावा किया था कि पिछले चंद्रयान मिशन से मिले अनुभव और मौजूदा सुविधाओं के चलते चंद्रयान-3 की लागत में कमी आएगी। हालांकि, उस समय उन्होंने यह नहीं बताया था कि तीसरा चंद्र मिशन 2021 के किस महीने में लॉन्च किया जाएगा।
चंद्रयान 3 के लिए इसरो ने एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित की
इसरो की तरफ से चंद्रयान-3 के लिए तैयारियां की जाने की जानकारी पहले भी सामने आई थी। सूत्रों के मुताबिक, अगले चंद्रयान मिशन के लिए इसरो ने एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया है। इसका नेतृत्व तिरुअनंतपुरम के विक्रम साराभाई स्पेस रिसर्च सेंटर के निदेशक एस.सोमनाथ को सौंपा गया है। इसी सेंटर को इसरो के सभी लॉन्च व्हीकल प्रोग्राम की जिम्मेदारी भी दी गई है। चंद्रयान-3 से संबंधित सभी रिपोर्ट यही कमेटी तैयार करेगी।

