मुंबई:शहर में कानून-व्यवस्था खराब होने की आशंका से भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद की मुंबई में शनिवार को होने वाली सभाओं और कार्यक्रमों को मुंबई पुलिस ने मंजूरी नहीं दी। उन्हें देर शाम केवल चैत्य भूमि जाने दिया गया। वर्ली स्थित जांबोरी मैदान और दादर के शिवाजी पार्क में उनकी सभा और कार्यक्रम प्रशासन ने अंतिम समय पर रद्द कर दिए। यही नहीं, मुंबई पुलिस ने एहतियातन आजाद को मालाड स्थित मनाली होटल में नजरबंद किए रखा। यहां पुलिस का सख्त पहरा है। हालांकि पुलिस आजाद की नजरबंदी या उन्हें हिरासत में लिए जाने की खबर से इनकार कर रही है। आजाद ने इसे अपने संवैधानिक अधिकार का हनन बताया है।
भीम आर्मी समर्थकों का कहना है कि आजाद पुणे जाना चाहते थे, मगर पुलिस ने इसकी भी अनुमति नहीं दी। पुलिस का कहना है कि वे जहां चाहें, आ-जा सकते हैं। आजाद को प्रशासन द्वारा रोके जाने की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक मनाली होटल के आसपास शुक्रवार देर शाम से जुटने शुरू हो गए थे, जिन्हें मौके पर पहुंची दिंडोशी और वनराई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इनमें भीम आर्मी के मुंबई प्रमुख सुरेश गायकवाड वी हैं।
चंद्रशेखर को होटल से बाहर ही नहीं निकलने दिया गया

