संवाददाता, बस्ती(उ.प्र.। कल रात 25 मार्च 2026 को बस्ती जिले के दुबखरा स्थित भारत पेट्रोलियम पंप पर एक स्थानीय पत्रकार पर पंप संचालक और उसके गुर्गों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में पत्रकार को गंभीर चोटें आईं। इस घटना की लिखित शिकायत आज पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह और नगर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह को सौंप दी है। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि संचालक के गुर्गे करुण सिंह ने मीडिया कवरेज के दौरान पत्रकार पर हमला किया।
हमले के दौरान गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पत्रकार ने घटना के सभी विवरणों सहित दोषियों के नाम स्पष्ट रूप से लिखित शिकायत में दर्ज कराए हैं। शिकायत में तीन प्रमुख मांगें की गई हैं। पहली मांग है कि घटना में शामिल पंप संचालक, करुण सिंह और अन्य गुर्गों के विरुद्ध संगीन धाराओं में तुरंत मुकदमा दर्ज किया जाए और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। दूसरी मांग जनपद के मीडियाकर्मियों की सुरक्षा से संबंधित है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि बस्ती जनपद में कार्यरत समस्त अखबारों, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पत्रकारों के फील्ड वर्क के दौरान उनकी सुरक्षा के पुख्ता और स्थायी उपाय किए जाएं। पत्रकारों पर होने वाले हमलों को गंभीरता से लिया जाए और उनके सुरक्षा के लिए स्थायी प्रोटोकॉल बनाया जाए। तीसरी प्रमुख मांग पेट्रोल पंप, ढाबा और टोल प्लाजा आदि पर कार्यरत कर्मियों के पुलिस वेरिफिकेशन की है। शिकायत में बताया गया है कि जिले भर में प्रायः देखने में आता है कि पेट्रोल पंप, ढाबा, टोल आदि पर अपराधिक और अराजक तत्वों को अनैतिक लाभ के लिए नौकरी पर रखा जाता है। इन लोगों का न तो पूरा विवरण लिया जाता है और न ही उनके आपराधिक इतिहास की पुलिस वेरिफिकेशन कराई जाती है। नतीजतन आम आदमी के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
इसलिए सभी पेट्रोल पंप, ढाबा और टोल संचालकों से उनके प्रबंधन के अधीन कार्यरत समस्त लोगों की अधिकृत सूची मांगी जाए तथा उनका पुलिस वेरिफिकेशन कराकर रिकॉर्ड संबंधित थाने पर रखा जाए। शिकायत में अंत में विश्वास जताया गया है कि पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और नगर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कड़ी और निर्णायक कार्यवाही करेंगे तथा पत्रकारों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। घटना की सूचना मिलते ही बस्ती के विभिन्न अखबारों, मीडिया संस्थानों और पत्रकार संगठनों में नाराजगी फैल गई है। कई पत्रकारों ने कहा है कि यदि समय रहते दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला प्रशासन और पुलिस के विरुद्ध एकजुट होकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। नगर थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने भी पूरी घटना की विस्तृत जांच कराने का आश्वासन दिया है। बस्ती जनपद में पत्रकारों की सुरक्षा और पेट्रोल पंप-ढाबा जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अपराधिक तत्वों की घुसपैठ एक गंभीर समस्या बन चुकी है। आम आदमी की सुरक्षा और मीडियाकर्मियों के फील्ड वर्क को सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन को तुरंत ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
बस्ती के दुबखरा पंप पर पत्रकार को पीटा गया, एसपी-थानाध्यक्ष को दी गई लिखित शिकायत

