नई दिल्ली:भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और मौजूदा विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी के दस्तानों पर भारतीय सेना के ‘बलिदान बैज’ को लेकर आईसीसी की आपत्ति पर बहस तेज हो गई है। क्रिकेट विश्व कप 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के पहले मुकाबले में विकेटकीपिंग के दौरान धौनी ने जो दस्ताने पहने थे, उन पर सेना का ‘बलिदान बैज’ बना हुआ था। इस पर आईसीसी ने बीसीसीआई से अपील की है कि वह धौनी को दस्तानों से सेना से जुड़ा यह चिन्ह हटाने को कहे। हालांकि बीसीसीआई ने इस मामले में महेंद्र सिंह धौनी का समर्थन किया है।
विनोद राय ने आईसीसी को परमिशन देने के लिए लिखी चिठ्ठी
सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित बीसीसीआई की प्रशासनिक समिति (कमेटी ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स यानी CoA) के प्रमुख विनोद राय ने कहा, ‘हम अपने खिलाड़ियों के साथ खड़े हैं। धौनी के दस्ताने पर जो निशान है, वह किसी धर्म का प्रतीक नहीं है और न ही यह कामर्शियल है।’ उन्होंने कहा कि जहां तक पहले से परमिशन लेने की बात है तो हमने इसके लिए आईसीसी को लिखा है कि वह धौनी को इन दस्तानों का इस्तेमाल करने की मंजूरी दे। इस मुद्दे पर देश की दिग्गज खेल हस्तियों ने भी धौनी का समर्थन किया है। इनमें रेसलर योगेश्वर दत्त और सुशील कुमार प्रमुख हैं।
‘बलिदान बैज’ विवाद: धौनी के समर्थन में उतरा BCCI, खारिज की ICC की आपत्ति

