नई दिल्ली:माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने गुरुवार को सरकार को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना के तहत पहले 100 दिन में हासिल की गई उपलब्धियों को लेकर बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गेट्स को धन्यवाद दिया।
पीएम मोदी ने कहा, यह योजना गरीबों को शीर्ष गुणवत्ता वाली किफायती स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की देन है। बिल गेट्स ने ट्वीट किया, आयुष्मान एनएचए के पहले 100 दिन को लेकर भारत सरकार को बधाई। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि अब तक यह कार्यक्रम कितने ही लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने इस ट्वीट में प्रधानमंत्री कार्यालय को टैग किया। सरकार ने हाल ही में कहा था कि इस योजना के पहले 100 दिनों में 6,85,000 लाभार्थियों ने मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया है। पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री ने यह योजना शुरू की थी। इस बीमा योजना का लक्ष्य दूसरे और तीसरे स्तर पर इलाज के लिए पांच लाख रुपये प्रति परिवार सालाना स्वास्थ्य कवर प्रदान करना है।
बिल गेट्स ने आयुष्मान भारत योजना पर मोदी सरकार को बधाई दी

