नई दिल्ली:कोरोना वायरस के दो नए मामले मिलने के बाद केंद्र सरकार ने विदेश यात्रा को लेकर नया परामर्श (ट्रैवल एडवायजरी) जारी किया है, जिसके तहत चीन और ईरान जाने वालों को वीजा फिलहाल जारी नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही अगर हालात और गंभीर होते हैं, तो दूसरे देशों के लिए भी यात्रा प्रतिबंध लगाया जा सकता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने यह जानकारी सोमवार (2 मार्च) को दी।
इसे साथ ही मंत्रालय ने भारतीय को सलाह दी है कि अगर ज्यादा जरूरी ना हो, तो चीन, ईरान, कोरिया, सिंगापुर और इटली की यात्रा करने से बचें। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, “भारतीयों को चीन, ईरान, कोरिया, सिंगापुर और इटली की अनावश्यक यात्रा करने से बचने की सलाह दी जाती है।”
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार (2 मार्च) को बताया कि भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के दो और मामलों की पुष्टि हुई है। मंत्रालय के मुताबिक एक व्यक्ति दिल्ली में और एक तेलंगाना में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है।
मंत्रालय के अनुसार दिल्ली के जिस व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है उसने हाल में इटली की यात्रा की थी और उसका राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरे संक्रमित व्यक्ति ने दुबई की यात्रा की थी। मंत्रालय ने बताया कि दोनों मरीजों की हालत स्थिर है और उनकी करीब से निगरानी की जा रही है। गौरतलब है कि इटली में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
भारत में कोरोना वायरस: केंद्र ने जारी की ट्रैवल एडवायजरी

