नई दिल्ली:भारत में आतंक परोसने की स्थाई नीति अपना रहा पाकिस्तान देश के खिलाफ खतरनाक परमाणु साजिश भी रच रहा है। भारत को केंद्रित कर पाकिस्तान अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को लगातार बढ़ा रहा है। जर्मन सरकार की रिपोर्ट ने पाकिस्तान के परमाणु प्रसार की प्रतिबद्धताओं की कलई खोलकर रख दी है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि चीन के सहयोग से पाकिस्तान तेजी से अपनी न्यूक्लियर अटैक क्षमता को बढ़ा रहा है। उसका यह कार्यक्रम भारत को लक्ष्य करके है।
पाक समेत कुछ देश बना रहे परमाणु हथियार
16 जून 2020 को जारी जर्मनी की ‘एनुअल रिपोर्ट ऑफ द ऑफिस फॉर द प्रोटक्शन ऑफ द कंस्टीट्यूशन फॉर द जर्मन स्टेट ऑफ बैडेन-वुर्टेमबर्ग’ में कहा गया है कि पाकिस्तान समेत ईरान, उत्तर कोरिया और सीरिया तेजी से सामूहिक विनाश के हथियारों को बना रहे हैं। इनमें परमाणु, जैविक और रासायनिक हथियार शामिल हैं।
तकनीक हासिल करने का प्रयास
रिपोर्ट मे यह भी कहा गया है कि ये देश अवैध रूप से जर्मनी से इन हथियारों को बनाने के लिए कलपुर्जों की खरीद की कोशिश भी कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस तरह के हथियारों का उत्पादन और प्रसार, शांति और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।
पाक का परमाणु कार्यक्रम भारत के खिलाफ
जर्मनी की इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान का व्यापक सैन्य परमाणु कार्यक्रम कट्टर दुश्मन भारत के खिलाफ प्रेरित है। जून में ही जारी स्वीडन के प्रमुख थिंक टैंक स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सिपरी) ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि पाकिस्तान के पास 160 परमाणु हथियार हैं जो भारत से ज्यादा हैं।

