मल्लपुरम:कोविड-19 महामारी के कारण पूर्व भारतीय फुटबॉलर हमजा कोया की मल्लपुरम के एक हॉस्पिटल में मौत हो गई। उन्होंने भारतीय टीम के साथ-साथ संतोष ट्रॉफी में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया था। कोरोना वायरस के कारण केरल में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
61 साल के हमजा मुंबई के विभिन्न क्लबों में खेले थे। वो 21 मई को परिवार के साथ मुंबई से लौट आए थे। उनका बेटा मुंबई में काम करते हैं और वो भी अपने परिवार के साथ लौट आए थे। हमजा को 26 मई को कोविड-19 लक्षण का पता लगने के बाद मल्लपुरम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
दो दिन बाद ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी और इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। लेकिन शनिवार सुबह उनका निधन हो गया। हमजा के परिवार के पांच सदस्य भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं और उनका भी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

