मुंबई:भारत और पाकिस्तान के बीच 29 और 30 नवंबर को इस्लामाबाद में डेविस कप मैच होना था। भारतीय टेनिस फेडरेशन ने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (आईटीएफ) से वेन्यू बदलने की मांग की थी, जिसे मान लिया गया है। कश्मीर से धारा 370 हटने के बाद से भारत अौर पाक के बीच तनाव है। इंटरनेशनल फेडरेशन ने पाक फेडरेशन से अगले पांच दिनों में नया वेन्यू घोषित करने काे कहा है। पाक फेडरेशन ही नए वेन्यू का निर्णय करेगा। लेकिन अब मुकाबला पाक के बाहर कराना पड़ेगा।
इस बीच पूर्व टेनिस खिलाड़ी और राष्ट्रीय चयन समिति के प्रमुख रोहित राजपाल को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की डेविस कप टीम का नॉन-प्लेइंग कप्तान बनाया गया है। पहले ऐसी खबरें आ रहीं थी कि लिएंडर पेस यह भूमिका निभा सकते हैं। लेकिन इस पर अंतिम फैसला आईटीएफ लेगा। महेश भूपति के अलावा रोहन बोपन्ना, रामकुमार रामनाथन, सुमित नागल ने अपने को मैच के लिए अनुपलब्ध बताया है। पाक से मैच शिफ्ट होने के बाद बड़े खिलाड़ी अब यह मैच खेल सकते हैं।

