मुंबई:पृथ्वी शॉ (19) को बीसीसीआई ने 8 महीने के लिए निलंबित कर दिया है। उन पर यह कार्रवाई डोपिंग नियम के तहत की गई है। बोर्ड के मुताबिक, पृथ्वी ने एक ऐसे प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन किया था, जो आमतौर पर कफ सिरप में पाया जाता है।
पृथ्वी ने अनजाने में किया प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन- बोर्ड
बोर्ड ने अपने बयान में कहा- पृथ्वी ने अनजाने में एक प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन किया और इसके लिए उन्हें निलंबित किया गया है।
शॉ ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट खेले थे। वे अभी हिप इंजरी से उबर रहे हैं। उनका डोप टेस्ट सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के दौरान किया गया था।
शॉ के अलावा दो अन्य खिलाड़ी विदर्भ के अक्षय दुल्लारवार और राजस्थान के दिव्य गजराज को भी बोर्ड के एंटी-डोपिंग कोड के उल्लंघन का दोषी पाया गया।
इस प्रतिबंध के चलते शॉ ने बांग्लादेश और द. अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में शामिल होने का मौका खो दिया है। यह श्रृंखलाएं 16 मार्च से 15 नवंबर के बीच खेली जानी हैं।

