मुंबई:फिल्म ‘दबंग’ के डायरेक्टर अभिनव कश्यप ने फिर सलमान और उनकी फैमिली पर जोरदार हमला बोला है। अभिनव ने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट लिखकर सलमान की चैरिटी करने वाली संस्था बीइंग ह्यूमन पर मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन की जांच करने की अपील की है।
उन्होंने लिखा, ”जनाब सलीम खान का सबसे बड़ा आइडिया है बीइंग ह्यूमन। इसकी चैरिटी महज दिखावा है। ‘दबंग’ की शूटिंग के दौरान मेरी आंख के सामने 5 साइकिल बंटती थी। अगले दिन अखबारों में छपता था कि दानवीर सलमान खान ने 500 साइकिलें गरीबों में बांटीं। सारी कोशिश सलमान खान की गुंडे, मवाली वाली छवि सुधारने की थी ताकि इनके तमाम क्रिमिनल कोर्ट केसेस में मीडिया और जज इन पर थोड़ी रियायत बरतें।”
उन्होंने कहा, ”बीइंग ह्यूमन आज 500 रुपये की जीन्स 5000 में बेचता है और पता नहीं किन-किन तरीकों से चैरिटी के नाम पर मनी लॉन्ड्रिंग चल रही है। सीधी सादी जनता की आंखों में धूल झोंककर उनसे नोट बटोर रहे हैं ये धूर्त लोग। इनकी मंशा किसी को कुछ देने की नहीं, सिर्फ लेने की है। सरकार को चाहिए कि being human की भी गहरी जांच हो। मैं सरकार का पूरा सहयोग करूंगा।”

