नागपुर:भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज का तीसरा और निर्णायक टी-20 मैच आज (10 नवंबर) को नागपुर में खेला जाएगा। मैच से पहले बांग्लादेश के कोच रसेल डोमिंगो ने कहा कि उनकी टीम रविवार को टी-20 सीरीज के निर्णायक मुकाबले में भारत के कम अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण का फायदा उठाकर जीत हासिल करने की कोशिश करेगी।
भारतीय टीम अभी चोटिल तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और ऑल राउंडर हार्दिक पांड्या के बिना ही खेल रही है, जिससे तीन मैचों की सीरीज में गेंदबाजी की जिम्मेदारी खलील अहमद, दीपक चाहर और वाशिंगटन सुंदर के कंधों पर है।
डोमिंगो ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ”यह किसी से छिपा नहीं है कि उनका गेंदबाजी आक्रमण कम अनुभवी है। अगर हम अच्छी बल्लेबाजी करते हैं और अपनी रणनीति पर कायम रहते हैं तो हम उनके गेंदबाजी आक्रमण को दबाव में ला सकते हैं।”
उन्होंने कहा, ”देखिए, उनकी टीम अच्छी है लेकिन हम यह भी सोचते हैं कि अगर हम अपनी काबिलियत के हिसाब से बल्लेबाजी करेंगे तो हम उनके गेंदबाजी आक्रमण को दबाव में ला देंगे।”
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम दोनों मैचों में विजेता रही है, जिससे टॉस की भूमिका काफी अहम हो जाती है। डोमिंगो ने कहा, ”मुझे लगता है कि ओस मैचों को प्रभावित कर रही है। टॉस की भूमिका अहम होगी, दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही दोनों टीमों ने जीत हासिल की। लेकिन अगर पिछले मैच में हम 180-190 रन बना लेते तो हम खुद को बेहतर मौका दे सकते थे। लेकिन यह कोई बहाना नहीं है।”

