- 373 करोड़ की 74 विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और लोकार्पण
- पूर्वांचल को साधने के लिहाज से मुख्यमंत्री का यह अहम दौरा
प्रभुनाथ शुक्ला/भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को भदोही में होंगे। चुनावी संभावनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। 373 करोड़ की 74 विकास परियोजनाओं का वह उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन की सारी तैयारियां हो गई हैं। हेलीपैड से लेकर जनसभा स्थल तक को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। राज्य विधानसभा के संभावित चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री का यह दौरा अपने आप में अहम् माना जा रहा है। मुख्यमंत्री अपने मुख्यमंत्री काल में तीसरी बात भदोही जनपद आ रहे हैं। चुनावी माहौल में मुख्यमंत्री किन-किन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे अभी कहना मुश्किल है। लेकिन पूर्वांचल को साधने के लिए यह दौरा अहम मना जा रहा है। इस कार्यक्रम से वह मिर्जापुर मंडल के तीन जनपदों भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र के साथ जौनपुर एवं वाराणसी व प्रयागराज जनपद के कुछ हिस्सों को भी जो भदोही संसदीय क्षेत्र में है उनकी नब्ज टटोलेगें।
मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल के अनुसार राजकीय हेलीकॉप्टर से रविवार को 10:40 पर वाराणसी पुलिस लाइन में पहुंचेंगे। इसके बाद वहां से सीधे भदोही के ज्ञानपुर पुलिस लाइन के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे। ठीक 11:00 बजे वह कार्यक्रम स्थल विभूति नारायण राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज पहुंचेंगे। इसके बाद वह परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। बाद में अफसरों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग लेंगे। इसके बाद वे सीधे पुलिस लाइन ज्ञानपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा सिद्धार्थनगर जिले के लिए निकल जाएंगे। भदोही में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम एक घंटे से अधिक का होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी जी जान से जुटा है। कार्यक्रम को लेकर अफसरों की नींद उड़ी है। विंध्याचल मंडल के आयुक्त और डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अफसरों के साथ मीटिंग की है। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड का भी निरीक्षण किया है। विभूति नारायण राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज को सभास्थल बनाया गया है।
मंडलायुक्त ने भदोही जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के साथ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए अफसरों को विशेष हिदायत दी गई है। मुख्यमंत्री के सुरक्षा दस्ते में शामिल एनएससी कमांडो के साथ मिलकर निर्देशों के अनुसार काम करने को कहा गया है। प्रभागीय वनाधिकारी को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि हेलीपैड पर वृक्षों की कटाई-छटाई की जाए। जिससे हेलीकॉप्टर को लैंड करने में कोई दिक्कत न हो। लोकनिर्माण विभाग को मंच को बेहतर बनाने को निर्देशित किया गया है। अग्निशमन विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है।
भदोही पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने आधी रात में भी सभा स्थल का निरीक्षण किया और अपने मातहतों को आवश्यक निर्देश दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हेलीपैड से लेकर मुख्यमंत्री की सभा स्थल को सुरक्षा छावनी में तब्दील कर दिया गया। जनपद भदोही को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बड़ी उम्मीदें हैं। अब देखना होगा मुख्यमंत्री आम जनता और उनकी अपेक्षाओं को देखते हुए उम्मीदों पर कितना खरा उतरता हैं।