जयपुर:राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे आज जोधुपर पहुंची। इसी दौरान रास्ते में भील समुदाय की महिलाओं ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अपने झोपे में चलने की मनुहार की। बड़ी सादगी से राजे ने उनका आमंत्रण स्वीकार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आज केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की माताजी के निधन पर जोधपुर में उनके घर संवेदना प्रकट करने गईं थीं। यहां से राजे चाड़ी गांव में पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रही थी। रास्ते में पंडित जी की ढाणी गांव में भील परिवार की महिलाओं को पता चला कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे यहां आई हैं। तुरंत महिलाओं ने उन्हें रोककर अपने झोपे में चलने की मनुहार की।
बालिका नेनू भील और उसके पिता हीरा भील, मोहनी भील उन्हें अपने झोपे में ले गईं। यहां उन्होंने पूर्व सीएम को खाट पर बिठाया और मिट्टी की कुल्हडी में बाजरे और जीरे की राबड़ी पिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने भी भील महिलाओं का सत्कार स्वीकार कर बड़े चाव से राबड़ी का स्वाद लिया।
हीरा भील ने पूर्व सीएम को बताया कि वे बेहद गरीब हैं। उनके मकानो के पट्टे नहीं बने है। उन्हें पट्टे मिल जाए तो अच्छा रहे। इस पर राजे ने मौके पर ही इस सम्बंध में जोधपुर कलक्टर से बात की और नियमानुसार भील परिवार की मांग पर कार्यवाही करने के लिए कहा। उन्होंने भील परिवार की महिलाओं को अपनी बच्चियों को पढ़ाने की बात भी कही।