आगरा: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर दावा किया है कि 2019 लोकसभा चुनाव से पहले बीएसपी के साथ गठबंधन तय है। एसपी अध्यक्ष ने कहा कि वह लोकसभा चुनाव में गठबंधन के साथ मैदान में उतरेंगे। इस दौरान अखिलेश ने दो टूक कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी की हार तय है। इसके साथ ही उन्होंने यूपी सरकार में तीसरे उपमुख्यमंत्री का नाम भी सुझा दिया।
मंगलवार को बीजेपी के गढ़ में पहुंचे अखिलेश यादव पहुंचे तो मौजूदा सरकार पर जमकर हमला बोला। साथ ही 2019 लोकसभा चुनाव पूरे दमखम से लड़ने की तैयारी का दावा किया। अखिलेश ने कहा, ‘हम गठबंधन करेंगे और पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ने जा रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा हार किसी की होगी तो वह बीजेपी की होगी।’
वर्तमान विधायक पर भी कसा तंज
इस दौरान अखिलेश पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार में दर्जा प्राप्त मंत्री रहीं वर्तमान विधायक पर भी तंज कसने से नहीं चूके। वहीं बीजेपी के तीसरे उपमुख्यमंत्री के तौर पर एक नाम भी सुझाया। एसपी सरकार में बाह विधानसभा क्षेत्र से अरिदमन सिंह विधायक थे। तत्कालीन एसपी सरकार में उनकी पत्नी रानी पक्षालिका सिंह को अखिलेश यादव ने दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बनाया था। पर, विधानसभा चुनाव से पहले रानी पक्षालिका सिंह और राजा अरिदमन सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया। वर्तमान में रानी पक्षालिका सिंह बाह से विधायक हैं।
‘दो उपमुख्यमंत्री हैं तो एक और सही’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव मंगलवार को बाह बटेश्वर पहुंचे तो वर्तमान विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि यहां के विधायक मंत्री भी नहीं बन पाए। उनकी सरकार में कितना सम्मान था। कम से कम उन्हें उपमुख्यमंत्री तो बनना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि वर्तमान में दो उपमुख्यमंत्री हैं तो एक और सही। बाह से बन जाए और बटेश्वर से बन जाए इससे अच्छा क्या हो सकता है।
अखिलेश बोले- 2019 में BSP से गठबंधन तय

Leave a comment
Leave a comment