मंगलुरू:पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सदस्य, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडीज का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 80 वर्षीय ऑस्कर फर्नांडीज का पिछले दो महीने से मंगलुरू के येनोपोया अस्पताल में इलाज चल रहा था। 18 जुलाई को वह घरेलू कामकाज करते हुए चोटिल हुए थे। इसके चलते उन्हें सिर में अंदरूनी चोटें आई थीं। 19 जुलाई को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां 27 जुलाई को ब्रेन सर्जरी के बाद खून के थक्के हटाए गए थे। इसके बाद से उनकी लगातार डायलिसिस चल रही थी। कांग्रेस ने उनकी मौत पर शोक जताते हुए ट्वीट किया।
मूल रूप से उडुपी के रहने वाले ऑस्कर फर्नांडीज 1980 में पहली बार एमपी बने थे। यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रहने के दौरान सड़क, यातायात और हाईवे, श्रम और रोजगार, सांख्यिकी और प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन और विदेश मामलों के कैबिनेट और राज्य मंत्री थे। ऑस्कर फर्नांडीज इंदिरा गांधी के परिवार के बेहद करीबी थे। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, उनकी पत्नी सोनिया और बेटे राहुल गांधी से भी उनकी खासी बनती थी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में उन्होंने विभिन्न पदों पर काम किया। वह नेशनल हेराल्ड के छह ट्रस्टीज में भी शामिल थे।