मुंबई:मुंबई पुलिस ने पूर्व कमीश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ रंगदारी का चौथा मामला दर्ज किया है। बीती रात गोरेगांव पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया। दर्ज कराए गए केस में शिकायतकर्ता एक बिजनेमैन है जिनका नाम बिमल अग्रवाल है। इससे पहले 23 जुलाई को ठाणे सिटी पुलिस कमिश्नरेट के कोपारी थाने में परमबीर सिंह के खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज किया गया था।
परमबीर सिंह के साथ बर्खास्त किए गए एपीआई सचिन वाजे, सुमित सिंह उर्फ चिंटू, अल्पेश पटेल, विनय सिंह उर्फ बबलू और रियाज भाटी के खिलाफ आईपीसी की धारा 384, 385 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले परमबीर सिंह पर केस और शिकायतों का निपटारा करने के एवज में 15 करोड़ रुपये मांगने का भी आरोप लगाया गया था। उनपर ये गंभीर आरोप एक बिल्डर ने लगाए थे जिन्होंने बाकायदा मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। उनके अलावा दूसरे भी कुछ पुलिस अधिकारी थे जिनका नाम एफआईआर में लिखा गया था। मुंबई पुलिस ने कई धाराओं के तहत ये मामला दर्ज किया था।
बता दें कि हाल ही में परमबीर सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था। कहा जा रहा है कि परमबीर सिंह अब देश छोड़कर नहीं जा पाएंगे। परमीबर सिंह के अलावा कई अन्य आरोपियों के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। आरोप है कि परमबीर सिंह के साथ ये आरोपी भी वसूली के मामले में शामिल थे।