नई दिल्ली:देश में शनिवार को कोरोना के 40,279 केस आए। इस दौरान 40,032 लोगों ने कोरोना को मात दी और 541 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 300 की कमी रिकॉर्ड की गई।
वहीं, केरल में हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 18531 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़ा पिछले 51 दिनों में सबसे ज्यादा है। इसस पहले 3 जून को 18,853 संक्रमितों की पहचान हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 40,279
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 40,032
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 541
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.13 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 3.05 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4.20 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.02 लाख
8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।