मुंबई:महाराष्ट्र में बाढ़ ने बड़ी तबाही मचाई है। इस बीच राजधानी मुंबई के वर्ली में एक बड़ा हादसा हो गया। वर्ली के एक निर्माणाधीन इमारत में लिफ्ट गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है। घायल शख्स को फिलहाल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम को करीब 5.45 PM पर हुआ है। बीडीडी चॉल के हनुमान गली के पास स्थित एक बीडीडी चॉल के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया है कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है और राहत तथा बचाव कार्य किये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए थे। एक युवक को परेल स्थित केईएम अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद तीन अन्य लोगों को नायर अस्पताल में मृत घोषित किया गया।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे की सूचना मिलने पर महाराष्ट्र के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे घटनास्थल पर पहुंचे। ठाकरे ने कहा है कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि ओवरलोडिंग के कारण यह लिफ्ट गिर गई। जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद एक युवक के वहां फंसे होने की आशंका भी जताई गई है। जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है।