लंदन:दुनियाभर में कोरोना ने हाहाकार मचा रखा है। शनिवार को दुनिया में 3 लाख 68 हजार 541 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 3 लाख 13 हजार 989 लोगों ने कोरोना को मात दी। हालांकि, बीते दिन 7,526 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत भी हुई।
इस बीच ब्रिटेन में कोरोना की तीसरी लहर तेज होती जा रही है। यहां शनिवार को 18,270 संक्रमितों की पहचान हुई। इस दौरान 1961 लोग ठीक हुए और 23 लोगों की जान गई। नए संक्रमितों का यह आंकड़ा पिछले 140 दिनों में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 6 फरवरी को 18,153 मामले सामने आए थे।
भारत में ट्रेंड के हिसाब से तीसरी लहर का खतरा कम
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत ने टीकाकरण के लिहाज से अहम पड़ाव पार कर लिया है। देश के 25.98 करोड़ (20.95%) लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है। इनमें से 5.52 करोड़ (4.45%) को दोनों डोज लग चुकी हैं। अब संक्रमण की अगली लहर आने से पहले 70% आबादी को टीके की कम से कम एक डोज जरूरी है। हालांकि, देश के अलग-अलग महामारी विशेषज्ञ कह रहे हैं कि तीसरी लहर अक्टूबर तक आ सकती है।
चीन ने कोरोना से जुड़ा डेटा आर्काइव से हटाया
कोरोना वायरस जानवर से आया या चीन के वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से यह लीक हुआ। इस पर पिछले कुछ महीनों में ढेर सारी रिसर्च रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं। ज्यादातर रिपोर्ट्स में कोरोना वायरस पर दिए गए चीन के डेटा पर सवाल उठाया गया है। शनिवार को एक नई रिसर्च रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें चीन में वायरस से जुड़े शुरुआती डेटा पर सवाल खड़े किए गए हैं।
ANI के मुताबिक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वुहान में शुरुआती तौर पर सामने आए कोरोना मरीजों का डेटा गायब कर दिया गया है। पहले इस डेटा को ऑनलाइन एक्सेस किया जा सकता था, लेकिन अब इसे पूरी तरह से हटा दिया गया है। ये खुलासा अमेरिका के सिएटल के फ्रेड हचिंसन कैंसर रिसर्च सेंटर में वायरोलॉजिस्ट जेसी ब्लूम ने अपनी रिपोर्ट में किया है।
अब तक 18.15 करोड़ केस
दुनिया में अब तक 18.15 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 39.32 लाख लोगों की मौत हो गई है, जबकि 16.60 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.15 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.14 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 80,670 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 34,490,134 | 619,343 | 28,912,906 |
भारत | 30,233,183 | 395,780 | 29,251,029 |
ब्राजील | 18,386,894 | 512,819 | 16,582,053 |
फ्रांस | 5,768,443 | 110,951 | 5,601,802 |
रूस | 5,430,753 | 132,683 | 4,943,986 |
तुर्की | 5,404,144 | 49,524 | 5,269,294 |
ब्रिटेन | 4,717,811 | 128,089 | 4,314,125 |
अर्जेंटीना | 4,393,142 | 92,317 | 4,010,346 |
इटली | 4,257,289 | 127,458 | 4,072,099 |
कोलंबिया | 4,126,340 | 104,014 | 3,829,487 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)