साउथैम्पटन:भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया। दिन की शुरुआत करते हुए टीम इंडिया ने पहली पारी में 217 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। इस लिहाज से भारतीय टीम को अब भी 116 रन की बढ़त हासिल है।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन 12 और रॉस टेलर बगैर खाता खोले नाबाद हैं। डेवॉन कॉनवे ने 54 और टॉम लाथम ने 30 रन की पारी खेली। टीम इंडिया के लिए स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और पेसर ईशांत शर्मा ने 1-1 विकेट लिया।
डेवॉन कॉनवे 54 रन बनाकर ईशांत शर्मा की बॉल आउट हुए। शमी ने उनका कैच लिया। कॉनवे WTC फाइनल में फिफ्टी लगाने वाले पहले प्लेयर बन गए हैं। करियर का तीसरा टेस्ट खेल रहे कॉनवे की यह दूसरी फिफ्टी है। कॉनवे डेब्यू के बाद लगातार 3 टेस्ट की पहली पारी में 50+ स्कोर बनाने वाले दूसरे कीवी प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने डीन ब्रावंली की बराबरी की है।
पहली पारी में न्यूजीलैंड की मजबूत शुरुआत
- पहली पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत मजबूत रही। ओपनर टॉम लाथम और डेवॉन कॉनवे ने मिलकर 34.2 ओवर खेले और 70 रन जोड़े।
- यहां तक टीम इंडिया ने ईशांत, बुमराह और शमी के अलावा स्पिनर अश्विन को आजमाया, लेकिन कोई सफलता नहीं दिला सका।
- इसके बाद 70 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को पहला झटका लगा। अश्विन ने लाथम को कोहली के हाथों कैच आउट कराया। लाथम 30 रन बना सके।
- अश्विन ने टेस्ट में लाथम को 5वीं बार शिकार बनाया है। जबकि कप्तान विलियम्सन को भी इस मैच से पहले तक 5 बार ही पवेलियन भेज चुके हैं।
- न्यूजीलैंड को 101 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। ईशांत ने डेवॉन कॉनवे को कैच आउट कराया। कॉनवे फिफ्टी लगाकर खेल रहे थे।
- यहां से खराब रोशनी के कारण खेल को रोक दिया गया था। हालांकि, दिन का समय भी लगभग खत्म हो गया था, इस कारण स्टंप्स कर दिया गया।