मुंबई:आज शिवसेना का 55वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि शिवसेना अब महाराष्ट्र से बाहर निकल कर राष्ट्रीय राजनीति शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि जब शिवसेना की स्थापना हुई तो लोगों ने कहा कि शिवसेना मुंबई-ठाणे से आगे नहीं जाएगी। कुछ लोगों ने कहा कि 5-6 महीनों में ही यह पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन यह शिवसेना पूरे महाराष्ट्र में फैल गई। राज्य की सीमा पार करते हुए दिल्ली तक पहुंच गई। अब दिल्ली के तख्त में भी मेरा महाराष्ट्र गरजेगा और गूंजेगा। भविष्य में राष्ट्रीय राजनीति में शिवसेना अहम भूमिका निभाएगी। राउत ने यह भी कहा कि राहुल गांधी देश के एक बड़े नेता हैं और हम सबको उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
राउत ने आगे कहा,’शिवसेना से पहले और बाद में कई राजनीतिक पार्टियां समय के साथ ध्वस्त हो गईं। लेकिन जिस तरह से बालासाहेब ठाकरे ने छोटे से छोटे शिवसैनिकों की पीठ पर हाथ रखा, उस वजह से शिवसेना आज भी आगे बढ़ रही है।
आज भी हिंदुत्व के लिए सबसे आगे आती है शिवसेना
राउत आगे बोले,’हिंदुत्व के लिए आज भी शिवसेना ही सामने आती है। आज भी शिवसेना के सामने मराठी माणूस का खयाल सबसे पहले आता है। ‘हिंदुत्व’ और ‘मराठी माणूस’, ये दोनों विषय आज भी शिवसेना के लिए सबसे अधिक अहमियत रखते हैं। आज देश-दुनिया में हिंदुत्व की बुलंद आवाज बन कर मजबूती से कोई पार्टी खड़ी है तो वो है शिवसेना।’
राहुल गांधी देश के प्रमुख नेता, उनसे बहुत उम्मीदें हैं
आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन भी है। इस पर बोलते हुए संजय राउत ने कहा कि वे देश के प्रमुख नेता हैं और उनसे देश को बहुत उम्मीदें हैं। आगे उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व उनकी पार्टी के लिए प्रखर और प्रामाणिक है। हम चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी का विस्तार तेजी से हो और देश की राजनीति में उनकी प्रतिष्ठा और मजबूती बढ़े।
राउत ने आगे कहा कि राहुल गांधी के मन में देश के लिए सच्ची भावना है। उनका सपना है कि देश में कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से मजबूत बने। उनका यह सपना पूरा हो। आने वाले समय में वे तेजी से आगे बढ़ें। हम उनके जन्मदिन में उन्हें ढेरों शुभकामनाएं देते हैं।