नई दिल्ली:देश में शनिवार को कोरोना के 80,487 मामले सामने आए। इस दौरान 3,300 लोगों की मौत हुई और 1 लाख 32 हजार 576 लोग ठीक भी हुए। जबकि एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे लोगों की संख्या में 55,450 की गिरावट देखी गई। फिलहाल देश में 10.21 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। एक्टिव केस में गिरावट का पिछले कुछ दिनों का ट्रेंड देखें, तो आज एक्टिव केस का आंकड़ा 10 लाख से भी कम रह जाएगा।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 80,487
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.32 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,300
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.94 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.80 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.70 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 10.21 लाख
12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।