नई दिल्ली:कोरोना संक्रमितों के आंकड़ों में कमी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को देश में 91,211 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 1 लाख 33 हजार 598 संक्रमित ठीक हो गए और 3,401 की मौत हो गई। यह लगातार चौथा दिन था जब नए संक्रमितों की संख्या एक लाख से कम रही।
10 जून को 45,542 एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या कम हुई है। इसमें गिरावट का सिलसिला करीब एक महीने से जारी है। पिछली बार 12 मई को इसमें 6,399 की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी। अभी देश में 11 लाख 19 हजार 928 मरीजों का इलाज चल रहा है। 9 मई को यह आंकड़ा 37 लाख 41 हजार 302 के पीक पर था।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 91,211
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.33 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,401
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.91 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.76 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.59 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 11.65 लाख
12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।