नई दिल्ली:देश में लगातार तीसरे दिन बुधवार को कोरोना के रोजाना मामले एक लाख से कम रहे। हालांकि, इनमें थोड़ी बढ़ोतरी जरूर रिकॉर्ड की गई। देश में पिछले 24 घंटों में 93,828 नए संक्रमित पाए गए। इस दौरान 1 लाख 48 हजार 951 लोगों ने कोरोना को मात दी।
देश में संक्रमण के घटते मामलों के बीच एक चिंता वाली बात यह है कि अब भी 15 राज्यों में संक्रमण दर 5% से ज्यादा है। WHO के मुताबिक, अगर संक्रमण दर 5% से ज्यादा है तो हालात नियंत्रित नहीं कहे जा सकते हैं। देश में फिलहाल गोवा, केरल, नगालैंड, मेघालय, तमिलनाडु, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मणिपुर, कर्नाटक, पुड्डुचेरी, मिजोरम, लक्षद्वीप और महाराष्ट्र में संक्रमण दर 5% से ऊपर बनी हुई है।
बिहार 3,951 पिछली मौतों को रिकॉर्ड में शामिल किया गया
बुधवार को देश में महामारी से 2,187 लोगों ने जान गंवाई। हालांकि, कल के डेटा में 6,138 मौतें रिकॉर्ड की गईं। ऐसा इसलिए क्योंकि बिहार में पिछले दिनों हुईं 3,951 मौतों को अपडेट किया गया है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 93,828
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.48 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 6,138
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.91 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.76 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.59 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 11.65 लाख
12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से पुलिल से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर फर्जी RT-PCR रिपोर्ट बनाने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोटी रकम लेकर निगेटिव RT-PCR रिपोर्ट तैयार कराता था।
- आंध्र प्रदेश के मेडिकल एंड हेल्थ प्रिंसिपल सेक्रेटरी अनिल कुमार सिंघल ने बताया कि राज्य में ब्लैक फंगस के अब तक 1,955 केस सामने आए हैं। इनमें 114 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 1,301 ब्लैक फंगस के मरीजों का इलाज चल रहा है।
- ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य के 7 जिलों में 7 लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट और 4 PSA सिस्टम की नींच रखी है।