नई दिल्ली:देश में कोरोना की रफ्तार काबू में है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन नए संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख से कम रहा। इस दौरान 92,719 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई और 2,222 लोगों की संक्रमण की वजह से जान गई। अच्छी बात यह भी रही कि इस दौरान 1 लाख 62 हजार 280 संक्रमित ठीक हो गए।
एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या की बात करें, तो बीते दिन इसमें 71,792 की कमी रिकॉर्ड की गई। पिछले 15 दिनों में एक्टिव केसों में 13 लाख 54 हजार 978 की कमी हुई है। देश में 24 मई को 25.81 लाख एक्टिव केस थे, जो अब घटकर 12.26 लाख रह गए हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 92,719
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.62 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,222
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.90 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.74 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.53 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 12.26 लाख
12 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 12 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
20 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- केंद्र सरकार ने निजी अस्पतालों में दी जाने वाली वैक्सीन की कीमतें तय कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इन अस्पतालों में कोवीशील्ड सबसे सस्ती दरों पर मिलेगी। इसकी कीमत 780 रुपए तय की गई है। सबसे महंगी कोवैक्सिन है, जो 1,410 रुपए में दी जाएगी। स्पुतनिक V की कीमत 1,145 रुपए होगी।
- कोरोना की रफ्तार थमने के साथ ही 35 दिन बाद 9 जून से बिहार अनलॉक कर दिया गया। इसकी घोषणा मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के जरिए की। अनलॉक का यह पहला चरण एक हफ्ते का (9 से 15 जून तक) होगा।