मुंबई:संक्रमण के खतरे को देखते हुए पूरी तरह से तकरीबन डेढ़ महीने तक लॉक रही मुंबई आज फिर से अनलॉक हुई है। शहर के खुलते ही कई इलाकों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ईस्टर्न और वेस्टर्न एक्सप्रेस वे पर भी कई किलोमीटर तक गाड़ियों का लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ते हुए नजर आये।
दफ्तर जाने के लिए लोग बेस्ट बस स्टॉप पर लंबी-लंबी लाइनों में लगे हुए नजर आये। फिलहाल बस में सिर्फ उतने ही लोग एक बार में जा सकते हैं, जितनी सीटें उपलब्ध हैं। किसी को भी खड़े होकर जाने की अनुमति नहीं दी गयी है। ठाणे शहर से मुंबई की तरफ आने वाले वाहनों की संख्या में आज काफी इजाफा देखा गया। जिसकी वजह से मुलुंड चेक नाका के पास काफी लम्बा जाम भी लगा।
पॉजीटिविटी रेट और ऑक्सीजन बेड की उपलब्धता के आधार पर मुंबई को कैटेगरी 3 में रखते हुए अनलॉक किया गया है।
मुंबई में आज से यह खुला
- शहर में सुबह 5 से 9 बजे तक गार्डन खुले रहेंगे।
- शाम 4 बजे तक सभी दुकानें खुली रहेंगी।
- मॉल अभी भी नहीं खुलेंगे।
- जिम, सैलून खुले रह सकते हैं।
- BEST की बसों में जितनी सीट, उतने ही यात्रियों को यात्रा की अनुमति है।
- मेडिकल सेवाओं और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोग लोकल ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं।
- 50% क्षमता के साथ रेस्तरां में 4 बजे तक बैठकर खाने की अनुमति।
- प्राइवेट ऑफिस शाम 4 बजे तक 50% क्षमता के साथ खुलेंगे।
- एक निश्चित क्षेत्र में शूटिंग जारी रहेगी।
- शादी में 50 लोग अधिकतम शामिल हो सकते हैं।
- कैंपस की 50% क्षमता के साथ किसी सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन शाम 4 बजे तक किया जा सकता है।
- जनरल बॉडी मीटिंग 50% क्षमता के साथ हो सकेगी।
- ई-कॉमर्स पूरी तरह से खोल दिया गया है।
- कंस्ट्रक्शन का काम भी आज से शुरू हो रहा है।
मुंबई लोकल में भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आज से विशेष ड्राइव शुरू की है, ताकि सिर्फ जरुरी सेवाओं से जुड़े लोग ही यात्रा कर सकें। आज से शुरू हुए अनलॉक में बहुत से लोग दफ्तर जाने के लिए लोकल ट्रेन का सहारा ले सकते हैं। इस वजह से कोरोना के मामले भी बढ़ सकते हैं।