मुंबई:महाराष्ट्र सरकार की अनलॉक योजना के तीसरे चरण में सोमवार से आम जनता के लिए बस सर्विस शुरू हो जाएगी। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने रविवार को यह जानकारी दी। बेस्ट ने कहा बस में जीतनी सीटें होंगी जीतनी सीटें होंगी उतने ही यात्री सफर कर पाएंगे। बस में यात्रा के दौरान मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
इसके साथ-साथ मुंबई में सोमवार से रेस्तरां, गैर जरूरी सामान वाली दुकानें और सार्वजनिक स्थल खोल दिए जाएंगे लेकिन मॉल, सिनेमाघर और मल्टिप्लेक्स बंद रहेंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा शनिवार को जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक लोकल ट्रेनों में खास श्रेणी के लोग ही यात्रा कर पाएंगे।
महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार रात एक अधिसूचना जारी कर कहा था कि लोकल ट्रेनें चिकित्सा, कुछ जरूरी सेवाओं और महिलाओं के लिए उपलब्ध रहेगी लेकिन निगम प्रशासन को जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त पाबंदी लगाने का अधिकार दिया गया है। बीएमसी ने अपने हालिया आदेश में ‘महिला श्रेणी को हटा दिया है जिसमें कहा गया है कि उपनगरीय ट्रेनों में केवल चिकित्सका और कुछ जरूरी सेवा के लोग ही यात्रा कर सकेंगे।