नई दिल्ली:पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के मामलों में मामूली बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। यहां बुधवार को 1 लाख 33 हजार 953 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़ा मंगलवार के मुकाबले करीब 800 ज्यादा है। हालांकि, संक्रमण की वजह से होने वाली मौतों के आंकड़ों में कोई खास कमी नहीं हो रही। पिछले 24 घंटे में 2,897 लोगों की मौत हुई।
राहत की बात यह रही कि इस दौरान 2 लाख 11 हजार 750 संक्रमित ठीक हो गए। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों के आंकड़े में 80,749 की कमी दर्ज की गई। देश में कोरोना के घटते आंकड़ों के बीच अब भी 5 राज्य ऐसे हैं, जहां एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। इनमें कर्नाटक (2.93 लाख), तमिलनाडु (2.88 लाख), महाराष्ट्र (2.16 लाख), केरल (1.92 लाख) और आंध्र प्रदेश (1.43 लाख) शामिल हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.33 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.11 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,887
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.84 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.63 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.38 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 17.08 लाख
15 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
कोरोना अपडेट्स
- मॉडर्ना और फाइजर की कोरोना वैक्सीन को जल्द से जल्द देश में उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र सरकार उनकी शर्तें मानने को तैयार हो गई है। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने कहा है कि अगर इन कंपनियों की वैक्सीन को बड़े देशों और वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) से इमरजेंसी यूज की मंजूरी मिली हुई है तो भारत में इन्हें लॉन्चिंग के बाद ब्रिजिंग ट्रायल की जरूरत नहीं है।
- सिंगल डोज वाली रूस की स्पुतनिक लाइट कोरोना वैक्सीन बुजुर्गों में करीब 83% तक प्रभावी पाई गई है। रसियन डायरेक्ट इंवेस्टमेंट फंड (RDIF) ने बताया कि अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स प्रांत के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी डेटा के मुताबिक स्पुतनिक लाइट बुजुर्गों में 78.6% से 83.7% तक प्रभावी पाई गई है।