नई दिल्ली:देश में कोरोना के केस में बीते 24 घंटे में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को 3 लाख 62 हजार 389 नए मरीजों की पहचान हुई, 3 लाख 51 हजार 740 ठीक हो गए। बीते दो दिन से 3.50 लाख से कम केस आ रहे थे और इससे ज्यादा ठीक हो रहे थे। बीते दिन देश में 4,127 की मौत भी हुई। यह लगातार दूसरा दिन है, जब 4 हजार से ज्यादा लोगों को कोरोना के चलते जान गंवानी पड़ी है।
देश में इस महामारी की चपेट में अब तक 2.37 करोड़ लोग आ चुके हैं। इसी तरह कुल 1.97 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। बीते कुछ दिनों से औसतन 3 लाख से ज्यादा लोग रिकवर हो रहे हैं। इसलिए आज यह आंकड़ा 2 करोड़ को पार हो जाएगा। अभी कुल 37.06 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.62 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,127
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.51 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.37 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.97 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.57 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.22 लाख
18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
कोरोना अपडेट्स
- सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ बुधवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। उनके स्टाफ का एक कर्मचारी पहले संक्रमित मिला था। जस्टिस चंद्रचूड़ लगातार कई अहम मामलों की सुनवाई कर रहे हैं। इनमें चुनाव, कुंभ और ऑक्सीजन सप्लाई जैसे केस शामिल हैं। उन्होंने सोमवार को भी सुनवाई की थी।
- महाराष्ट्र में लॉकडाउन आगे बढ़ाने पर बुधवार को कैबिनेट मीटिंग हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग और मंत्रियों ने 15 दिन लॉकडाउन बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि इस पर आखिरी फैसला मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे लेंगे।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ऑक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता और सप्लाई की समीक्षा के लिए हाई लेवल मीटिंग की। इसमें बताया गया कि सरकार कोरोना के अलावा म्यूकॉरमाइकोसिस के ट्रीटमेंट में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की सप्लाई की भी निगरानी कर रही है।