नई दिल्ली:देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच सोमवार को राहत भरी खबर आई। नए मरीजों का आंकड़ा 5 दिन में पहली बार 4 लाख से नीचे आ गया। बीते 24 घंटे में यहां 3 लाख 66 हजार 317 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। 3 लाख 53 हजार 580 लोग ठीक भी हुए, जबकि 3,747 लोगों ने जान गंवाई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में सिर्फ 8,907 की बढ़ोतरी हुई। यह बीते 55 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 15 मार्च को 4,103 एक्टिव केस बढ़े थे।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.66 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,747
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.53 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.26 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.86 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.46 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.41 लाख
18 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और गुजरात शामिल हैं।
कोरोना अपडेट्स
- इस बीच, ओडिशा के मशहूर मूर्तिकार और राज्यसभा सांसद रघुनाथ मोहापात्रा का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले सप्ताह कोरोना से संक्रमित हुए थे। इसके बाद से उनका भुवनेश्वर के एम्स में इलाज चल रहा था। 1943 में जन्मे मोहापात्रा पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित थे।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना की स्थिति पर बात की। इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियो से बात की थी।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है। लॉकडाउन अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली में कल से मेट्रो चलनी बंद होगी। दिल्ली में 26 अप्रैल के बाद से कोरोना के केस कम होने शुरू हुए और पिछले एक-दो दिन में पॉजिटिविटी रेट 35% से घटकर 23% हो गया है।
- उत्तर प्रदेश में आंशिक कोरोना कर्फ्यू 17 मई तक बढ़ाया गया है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले उत्तर प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू की मियाद 10 मई को खत्म हो रही थी।