नई दिल्ली:देश में कोरोना की दूसरी लहर थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को एक बार फिर 24 घंटे में नए मरीजों और मौतों का आंकड़ा अब तक के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर गया। आज देशभर में 4 लाख 12 हजार 373 पॉजिटिव मिले हैं, वहीं 3,979 लोगों की जान चली गई। यह अब तक का सबसे बड़ा और डराने वाला आंकड़ा है।
यह दूसरी बार है जब 24 घंटे में 4 लाख से ज्यादा नए मरीज मिले। इससे पहले 30 अप्रैल को 4 लाख 2 हजार 14 मामले सामने आए थे। तब 3,525 मरीजों की मौत हुई थी। ठीक हुए मरीजों की संख्या भी कल के मुकाबले कम है। मंगलवार को 3.37 लाख मरीज ठीक हुए थे, वहीं बुधवार को 3.24 लाख मरीज ही ठीक हुए हैं।
महाराष्ट्र के बाद अब कर्नाटक और केरल ने डराया
रोज मिलने वाले मरीजों की संख्या के मामले में अब महाराष्ट्र के बाद दो राज्य कर्नाटक और केरल भी डराने लगे हैं। कर्नाटक में बुधवार को रिकॉर्ड 50 हजार से ज्यादा मरीज मिले हैं, वहीं केरल में भी 41,953 लोग पॉजिटिव हुए हैं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.12 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,979
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.24 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.10 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.72 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.30 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 35.62 लाख
महाराष्ट्र में 920 मरीजों ने दम तोड़ा, उत्तर प्रदेश में भी रिकॉर्ड 357 मौतें
कोरोना के केस में लगातार कमी के बावजूद महाराष्ट्र में मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां बुधवार को 920 लोगों की जान गई। यह राज्य में पूरे कोरोनाकाल में दूसरी सबसे ज्यादा मौते हैं। इससे पहले 28 अप्रैल को 1035 लोगों की जान चली गई थी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक कोरोना से 72,662 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों की कुल संख्या 48.80 लाख तक पहुंच गई है।
उत्तर प्रदेश में भी बुधवार को मौतों का नया रिकॉर्ड बना। यहां 357 लोगों ने संक्रमण से जान गंवाई। प्रदेश में 31 हजार से ज्यादा नए केस सामने आए। राजधानी लखनऊ में सबसे ज्यादा 3 हजार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, कानपुर, सहारनपुर और गोरखपुर में एक हजार से ज्यादा नए केस मिले हैं।
कोरोना अपडेट्स
- दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 181 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं। राजधानी की पुलिस में अभी 3 हजार कोरोना प्रभावित जवानों का इलाज चल रहा है। पिछले साल 12 हजार जवान पॉजिटिव हुए थे। मंगलवार को पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने जवानों से वर्चुअली बात की।
- ब्रिटेन गए भारतीय प्रतिनिधिमंडल के दो मेंबर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री एस जयशंकर भी शामिल हैं। हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन हालात में अब जयशंकर G-7 समेत अन्य कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे।
- आखिरकार बिहार ने भी संक्रमण की चेन रोकने के लिए लॉकडाउन का फैसला ले लिया है। हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, कर्नाटक, गोवा और झारखंड के बाद लॉकडाउन लगाने वाला बिहार नौवां राज्य बन गया है। मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार ने एक बैठक की थी। सरकार ने 15 मई तक टोटल लॉकडाउन लगाने के फैसले की घोषणा कर दी।
- महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना के 5 नए स्ट्रेन मिले हैं। दिल्ली से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, 35 सैंपल में ये स्ट्रेन पाए गए। नागपुर के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और नागपुर मेडिकल कॉलेज में आए संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए पुणे और दिल्ली भेजे गए थे। 74 में से 35 सैंपल में 5 म्यूटेशन पाए गए। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रवींद्र खडसे ने 26 सैंपल में डबल म्यूटेशन होने की बात कही है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा है कि देश में एक और पॉजिटिव ट्रेंड है, तो वहीं रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। यह 2 मई को यह 78% था। 3 मई को 82% हो गया। हम इंडस्ट्री की ऑक्सीजन को मेडिकल परपस से इस्तेमाल करने का प्लान कर रहे हैं। इस बारे में हम स्टेट से भी बात कर रहे हैं। अब देश में 1050 PSA ऑक्सीजन प्लांट पर काम चल रहा है। ऑक्सीजन प्लांट के पास ही कोविड सेंटर बनाए जाएंगे।