नई दिल्ली:देश में कोरोना की दूसरी लहर थमने का नाम नहीं ले रही है। 3 दिन लगातार मामलों में गिरावट दर्ज करने के बाद मंगलवार को फिर से नए संक्रमितों के आंकड़ों में बढ़ोतरी देखी गई। देश में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 82 हजार 602 नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा संक्रमित देश अमेरिका के नए कोरोना मरीजों से 9 गुना ज्यादा है। वहां बीते दिन 42,354 संक्रमितों की पहचान हुई।
उधर, कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ते जा रहा है। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3,783 लोगों की जान गई। यह एक दिन में होने वाली मौत के मामले में यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। राहत की बात यह रही कि बीते दिन 3.37 लाख लोगों ने कोरोना को मात दी। यह भी एक रिकॉर्ड है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.82 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,783
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.37 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.06 करोड़
अब तक ठीक हुए: 1.69 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.26 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 34.84 लाख
कोरोना अपडेट्स
- आखिरकार बिहार ने भी संक्रमण की चेन रोकने के लिए लॉकडाउन का फैसला ले लिया है। हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, कर्नाटक, गोवा और झारखंड के बाद लॉकडाउन लगाने वाला बिहार नौवां राज्य बन गया है। मंत्रियों और अधिकारियों के साथ मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार ने एक बैठक की थी। आज सरकार ने 15 मई तक टोटल लॉकडाउन लगाने के फैसले की घोषणा कर दी।
- महाराष्ट्र के नागपुर में कोरोना के 5 नए स्ट्रेन मिले हैं। दिल्ली से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, 35 सैंपल में ये स्ट्रेन पाए गए। नागपुर के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और नागपुर मेडिकल कॉलेज में आए संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए पुणे और दिल्ली भेजे गए थे। 74 में से 35 सैंपल में 5 म्यूटेशन पाए गए। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के माइक्रो बायोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रवींद्र खडसे ने 26 सैंपल में डबल म्यूटेशन होने की बात कही है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा है कि देश में एक और पॉजिटिव ट्रेंड है, तो वहीं रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है। यह 2 मई को यह 78% था। 3 मई को 82% हो गया। हम इंडस्ट्री की ऑक्सीजन को मेडिकल परपस से इस्तेमाल करने का प्लान कर रहे हैं। इस बारे में हम स्टेट से भी बात कर रहे हैं। अब देश में 1050 PSA ऑक्सीजन प्लांट पर काम चल रहा है। ऑक्सीजन प्लांट के पास ही कोविड सेंटर बनाए जाएंगे।